राष्ट्रीय हिंदी समाचार बिहार गया। मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, बिहार की विशेष अभियान टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि बाहरी राज्य से अवैध रूप से विदेशी शराब की बड़ी खेप बिहार लाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए ब्यूरो की टीम ने डोभी थाना, जिला गया जी की पुलिस के सहयोग से त्वरित कार्रवाई की।
दिनांक 24/12/2025 को संयुक्त अभियान के दौरान एक 6 चक्का डीसीएम ट्रक को रोका गया। तलाशी के क्रम में ट्रक से कुल 6150.96 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई, जिसे विधिवत जप्त कर लिया गया। मौके से शराब तस्करी में संलिप्त एक अभियुक्त को भी गिरफ्तार किया गया, जिसे आगे की कानूनी प्रक्रिया हेतु हिरासत में लिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, जब्त शराब को सुनियोजित तरीके से छिपाकर परिवहन किया जा रहा था ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके। प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्त से तस्करी नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारियां मिलने की संभावना जताई जा रही है।
मद्यनिषेध ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि राज्य में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





















