राष्ट्रीय हिंदी समाचार भागलपुर। दिनांक 23 दिसंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक नगर, भागलपुर द्वारा शाहकुण्ड थाना का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण तथा समग्र व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया गया। एसपी नगर ने थाना सीरिस्ता में रखी विभिन्न पंजियों के संधारण, उनके अद्यतन स्थिति और अभिलेखों की नियमितता की जांच की।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने, समय-समय पर अद्यतन करने तथा थाना परिसर को स्वच्छ एवं नागरिकों के अनुकूल बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही, लंबित कार्यों को शीघ्र निष्पादित करने और थाने की कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी व प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
एसपी नगर ने उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने की सलाह दी। निरीक्षण का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ करना और आम जनता को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराना बताया गया।





















