अररिया में सांसद खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ अररिया। जिले के नेताजी सुभाष स्टेडियम में आज 22 दिसंबर 2025 को सांसद खेल महोत्सव का भव्य उद्घाटन सांसद प्रदीप सिंह द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह के दौरान खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया।
इस अवसर पर सांसद प्रदीप सिंह ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं। सांसद खेल महोत्सव से युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
महोत्सव के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें बड़ी संख्या में खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। आयोजन समिति द्वारा बेहतर व्यवस्था की गई है। उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, खेल संघ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।





















