मुंगेर। बिहार में पूर्ण शराबबंदी को सख्ती से लागू करने के लिए मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में ब्यूरो के विशेष अभियान दल को गुप्त सूचना मिली कि बाहरी राज्य से भारी मात्रा में विदेशी शराब बिहार में लायी जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद संग्रामपुर थाना, जिला मुंगेर के सहयोग से त्वरित कार्रवाई की गई।
दिनांक 15 दिसंबर 2025 को अभियान दल द्वारा संग्रामपुर थाना क्षेत्र में एक 10 चक्का हाइवा वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से लगभग 4617 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई, जिसे विधिवत जप्त कर लिया गया। मौके से शराब तस्करी में संलिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है तथा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए आगे की कार्रवाई जारी है। मद्यनिषेध विभाग ने स्पष्ट किया है कि शराब तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





















