राजगीर स्थित बिहार पुलिस अकादमी के पारण परेड मैदान में शनिवार, 13 दिसंबर 2025 को 2023 बैच के पुलिस अवर निरीक्षकों का भव्य दीक्षांत परेड समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर कुल 1218 प्रशिक्षु अवर निरीक्षकों ने प्रशिक्षण पूर्ण कर परेड में भाग लिया, जिनमें 779 पुरुष, 436 महिलाएं एवं 03 ट्रांसजेंडर शामिल रहे। समारोह के मुख्य अतिथि बिहार के मुख्यमंत्री माननीय श्री नीतीश कुमार ने परेड की सलामी ली तथा मार्च पास्ट का अवलोकन कर प्रशिक्षुओं का उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में नव-नियुक्त अवर निरीक्षकों से कानून-व्यवस्था, संवेदनशील पुलिसिंग एवं जनसेवा के मूल्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। दीक्षांत परेड में उप मुख्यमंत्री-सह-गृह मंत्री माननीय श्री सम्राट चौधरी, मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री श्री श्रवण कुमार, नालंदा सांसद माननीय श्री कौशलेन्द्र कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही पुलिस महानिदेशक बिहार श्री विनय कुमार, अपर मुख्य सचिव (गृह), अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) श्री कुंदन कृष्णन तथा अपर पुलिस महानिदेशक-सह-निदेशक बिहार पुलिस अकादमी राजगीर श्रीमती आर. मलर विलि समेत अनेक वरिष्ठ अधिकारी समारोह में शामिल हुए।






















