RHS न्यूज़, नई दिल्ली। संजय झा।
एशिया कप के लिए टीम इंडिया कमर कस चुकी है. पूरा देश इस टूरनामेंट के लिए उत्साहित है। इस बीच अब भी सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि संजू सैमसन किस नंबर पर खेलेंगे। वो इस समय अपने फुल फॉर्म में हैं, उनके तूफानी बल्ले से छप्पर फाड़ रनों की बरसात हो रही है। एक बार फिर उन्होंने 41 गेंद पर 83 रन की जादुई पारी खेली जिसमें 9 छक्के और 2 चौके शामिल थे। केरल क्रिकेट लीग में लगातार उनका ये चौथा अर्धशतक है जबकि इसी दौरान 121 रनों के साथ वो एक शतक भी जड़ चुके हैं। पिछले 5 मैच की पारियों में 186 के स्ट्राइक रेट से उन्होंने 368 रन बनाए।
मशीन की तरह चल रहे उनके बल्ले से निकल रहे रनों ने कोच गौतम गंभीर और टीम सिलेक्टर अजीत आगरकर की टेंशन बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर पोस्ट्स और मीम्स की बाढ़ है जिसमें एशिया कप में संजू से ही ओपनिंग कराने के लिए प्रशंसक दबाव बना रहे हैं। केरल लीग में ही उन्होंने ओपनिंग करते हुए 4 मैचों में 30 छक्के जड़े, यही उनके बल्ले की ताकत का सबसे बड़ा सबूत है। लंबे समय से संजू ही भारतीय टीम के लिए सलामी बल्लेबाज की भूमिका निभा रहे थे अभिषेक शर्मा के साथ उनकी साझेदारी अच्छी चल रही थी इसीलिए पहले से यह तय माना जा रहा था कि संजू और अभिषेक को ओपनिंग के लिए मैदान में उतारा जाएगा। लेकिन खेल में शुभमन गिल की एंट्री और उन्हें उप-कप्तान बनाए जाने से समीकरण थोड़े बदल गए हैं।
अगर आंकड़ों को देखा जाए तो ओपनिंग करते हुए संजू ने 203 टी20आई मैच में 6058 रन बनाए हैं जिसमें 6 शतक और 42 अर्धशतक लगाए, इसमें उनका औसत 33.4 रहा जबकि स्ट्राइक रेट 140 था। वहीं 4 से 7 नंबर पर संजू ने 126 के स्ट्राइक रेट के साथ 98 मैच खेले जिसमें 20 के औसत से 1566 रन बनाए। संजू इस वक्त फुल फॉर्म में है, उन्हें मिडिल ऑर्डर में डालना या 1-2 डाउन पर भेजना थोड़ा जोखिम भरा साबित हो सकता है। संजू सैमसन गुढ़ रुप से टी20आई प्लेयर हैं। केवल इसी फॉर्मेट में उन्होंने पिछले एक साल में 12 मैच खेले जिसमें 58.22 के औसत से उन्होंने 528 रन बनाए। इन्हीं मैचों में 3 शतक भी उनके नाम है। जबकि दूसरी तरफ शुभमन गिल हाल ही में इंगलैंड से टेस्ट मैच सीरीज़ खेलकर लौटे हैं। ऐसे में अभिषेक और संजू से ओपनिंग कराया जाना और शुभमन को दूसरे नंबर पर मैदन में भेजना समझदारी भरा निर्णय हो सकता है।























